चंडीगढ़ 13 मार्च (वार्ता) चंडीगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में अपराध शाखा का कार्यभार संभालने वाले निरीक्षक नरेंद्र पटियाल त्वरित कार्रवाई करते नजर आ रहे हैं।
श्री पटियाल ने नशा तस्करों और नशे का सेवन करने वालों को सख्त चेतावनी दी है कि या तो वे तुरंत नशा करना छोड़ दें या फिर शहर छोड़ने के लिए तैयार रहें अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षक पटियाल ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों को यह गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि पुलिस को उनके बारे में जानकारी नहीं है। पुलिस के पास ऐसे कई कानूनी प्रावधान मौजूद हैं, जिनके तहत नशा तस्करों और उनसे जुड़े लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग नशे के अवैध कारोबार से पैसा कमाकर संपत्तियां बना रहे हैं और विलासिता का जीवन जी रहे हैं, वे भी पुलिस की नजर में हैं। ऐसे मामलों में कानून के तहत नशे की कमाई से बनाई गई संपत्तियों को भी कुर्क किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अपराध शाखा लगातार ऐसे लोगों की सूची तैयार कर रही है जो नशे के कारोबार में सक्रिय हैं। उनकी संपत्तियों की जांच की जा रही है और पूरी फाइल तैयार कर जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
श्री पटियाल की छवि एक ईमानदार और सख्त अधिकारी के रूप में जानी जाती है। जहां-जहां उन्होंने काम किया है, वहां कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।
