ब्यावरा: 16 दिसम्बर को इस सीजन में जिले में तीसरी बार न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पर चला गया. नगर सहित जिले भर में कड़ाके की ठंड के बीच सर्द हवाएं चलने से मुसीबत अधिक बड़ गई है. कोहरा भी छाने लगा है. इन हालातों ने जन जीवन को प्रभावित करना शुरु कर दिया है. मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 5 पर जा पहुंचा जो पचमढ़ी के बराबर बताया जा रहा है. मंगलवार को राजगढ़ और पचमढ़ी प्रदेश के सबसे ठंडे जिले रहे. जिले का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहा.
मंगलवार की सुबह जिले में कई जगह कोहरा छा गया. कोहरे के कारण आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. ठंड से राहत पाने गर्म कपड़ो के अतिरिक्त जगह-जगह अलाव जलते नजर आये. मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिन में ठंड का प्रकोप कहीं अधिक बढ़ेगा. बच्चों, बुजुर्ग, बीमार लोगों को ठंड में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है.
तीन बार पांच डिग्री पर पहुंचा पारा मौसम विभाग के अनुसार इस सीजन में तीन बार न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पर जा पहुंचा है. 18 नवम्बर को 5 डिग्री पर पारा जा पहुंचा था. इसके बाद 6 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहा. तत्श्चात 16 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पर जा पहुंचा.नपा ने नहीं जलवाए अलाव इस सीजन में तीन बार न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पर जा पहुंचने से एकाएक बड़े ठंड के प्रकोप और सर्द हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, ठंड के बढ़ते प्रकोप के बावजूद नपा द्वारा नगर में अभी तक अलाव जलवाना शुरु नहीं किया गया है.
ठंड के मौसम में प्रायः दिसम्बर माह से नपा द्वारा नगर में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाना शुरु कर दिया जाता है, अलाव से आने-जाने वाले राहगीरों को ठंड से काफी कुछ राहत मिल जाती है. नपा द्वारा बस स्टेण्ड, रेलवे स्टेशन क्षेत्र, पीपल चौराहा, सिविल अस्पताल परिसर आदि जगहों पर शाम और सुबह के समय अलाव जलवाया जाता है. किंतु इस बार आज दिनांक तक नपा द्वारा अलाव शुरु नहीं किया गया.
