सिलवानी: वन मण्डलाधिकारी सामान्य वनमण्डल रायसेन प्रतिभा शुक्ला के मार्गदर्शन में उप वन मण्डल अधिकारी (सामान्य) इन्दर सिंह बारे तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी पश्चिम सिलवानी महेन्द्र कुमार पालेचा की उपस्थिति में वन सुरक्षा समिति पड़ान की बैठक पड़ान चौकी पर आयोजित की गई। बैठक में समिति कार्यकारिणी सदस्यों एवं वनों पर आश्रित होकर जीविकोपार्जन करने वाले ग्रामीणों को वन संरक्षण और शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष नसीम उद्दीन काजी ने की। बैठक में चर्चा के दौरान सिलवानी के उपनगर पड़ान से लगे वन क्षेत्रों में जैविक दबाव कम करने, अवैध कटाई पर नियंत्रण, वन एवं वन्य प्राणियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा वनों पर निर्भर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
वन अधिकारियों ने बताया कि वनों पर निर्भर परिवारों को मुख्यधारा से जोड़कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
साथ ही वन अग्नि से सुरक्षा एवं बचाव के उपायों, महुआ संग्रहण की सही विधि तथा मई माह में होने वाले तेन्दूपत्ता संग्रहण से पहले शाखा कर्तन के लाभ के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।उप वनमण्डलाधिकारी इन्दर सिंह बारे ने बैठक में मौजूद लोगों को वनों के महत्व और उनके नष्ट होने से जनजीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वन विभाग द्वारा पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।वन मण्डलाधिकारी रायसेन प्रतिभा शुक्ला की विशेष पहल पर वन विभाग द्वारा बेरोजगार सदस्यों की सूची भी तैयार की जा रही है, ताकि उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर वनों पर निर्भरता कम की जा सके।
