किराना दुकान का शटर तोड़कर चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश

जबलपुर: मदनमहल थाना अंतर्गत गंगासागर रोड आमनपुर में चोरों ने एक किराना दुकान का शटर उठाकर गल्ले से 26,000 की नगदी पार कर दी। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, द्वारकानगर घमापुर निवासी 60 वर्षीय किशोर चेतवानी आमनपुर में डॉ. जाधव के बाजू से किशोर अनाज भंडार नाम से किराना दुकान चलाते हैं।

रोजाना की तरह वह और उनका बेटा सोनू चेतवानी रात करीब 10:30 बजे दुकान बढ़ाकर घर चले गए थे। सुबह करीब 5 बजे सामने रहने वाले पड़ोसी मनोज सैनी ने फोन पर सूचना दी कि दुकान का शटर उठा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलते ही पीड़ित अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंचे। दुकान का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। शटर के ताले टूटे हुए थे और गल्ले की दराज खुली पड़ी थी।

चोरों ने दूसरी दराज में रखी स्टील की पेटी को बाहर निकाला और उसमें रखे करीब 26,000 नगद समेटकर रफूचक्कर हो गए। जब पीड़ित ने दुकान के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो चोरी का लाइव वीडियो सामने आया। फुटेज के अनुसार, अलसुबह करीब 4 बजे एक मोटरसाइकिल पर तीन लड़के दुकान के सामने आकर रुके। दो लड़के बाहर रेकी कर रहे थे, जबकि नीले रंग की सफेद धारीदार टी-शर्ट और लोअर पहने एक लड़का मुंह पर गमछा बांधकर दुकान के अंदर घुसा। उसने दराज से पैसे निकाले और तीनों बाइक से फरार हो गए।

Next Post

पंजाब में हुए पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा ने दिल्ली में किया आप के दफ्तर का घेराव

Thu Jul 30 , 2026
नयी दिल्ली 30 जुलाई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब में हुए पेपर लीक मामले को लेकर यहां आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और गिरफ्तारियां दीं। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंजाब के शिक्षा मंत्री […]

You May Like