ज्योति सुरेखा वेन्नम और ऋषभ यादव ने कम्पाउंड मिक्स्ड टीम में तोड़ा विश्व रिकॉर्ड

मैड्रिड (स्पेन), 09 जुलाई (वार्ता) एशियाई खेलों की चैंपियन ज्योति सुरेखा वेन्नम और ऋषभ यादव ने तीरंदाजी विश्व कप 2025 स्टेज 4 में कम्पाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए डेनमार्क के तंजा गेलेन्थियन और माथियास फुलरटन द्वारा यूरोपियन गेम्स 2023 में बनाए रिकार्ड को तोड़ दिया।
वाल्हेर्मोसो स्टेडियम में मंगलवार को हुए मुकाबले में ज्योति और ऋषभ ने व्यक्तिगत तीरंदाजी स्पर्धा के क्वालीफाइंग राउंड में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। यादव ने 85 तीरंदाजों के बीच शुरू हुई स्पर्धा में अंत तक नेतृत्व करते हुए 716 अंक बनाए, वहीं ज्योति सुरेखा वेन्नम ने 715 अंक हासिल किए। ज्योति और ऋषभ ने मिलकर कुल 1431 अंकों का स्कोर बनाया, जो कि डेनमार्क के तंजा गेलेन्थियन और माथियास फुलरटन द्वारा यूरोपियन गेम्स 2023 में बनाए गए पिछले मिक्स्ड टीम वर्ल्ड रिकॉर्ड (1429 अंक) से बेहतर रहा। हालांकि, व्यक्तिगत कम्पाउंड विश्व रिकॉर्ड 718 अंकों पर बरकरार है।
यादव ने विश्व आर्चरी के साथ हुए एक साक्षात्कार में कहा, “यह बेहद खास है क्योंकि कम्पाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा को हाल ही में ओलंपिक गेम्स में शामिल किया गया है और हम समय के साथ ऐसी छोटी-छोटी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।”
उल्लेखनीय है कि यादव और ज्योति ने सेंट्रल फ्लोरिडा में सीजन के पहले टूर्नामेंट में मिक्स्ड टीम स्वर्ण पदक जीता था।
भारत ने पुरुष और महिला टीम स्पर्धाओं में भी शीर्ष सीडिंग हासिल की। प्रियांश (710), अमन सैनी (709) और ऋषभ यादव के 716 अंकों ने भारत को पुरुष टीम स्टैंडिंग में 2135 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंचा दिया। वे तुर्की (2127) और दक्षिण कोरिया (2124) से आगे रहे।
ज्योति (715), परनीत कौर (702) और पर्दापण कर रहीं 16 वर्षीय पृथिका प्रदीप (699) ने भारत को महिला टीम में 2116 अंकों के साथ शीर्ष सीडिंग दिलाई। वे मेक्सिको (2108) और दक्षिण कोरिया (2095) से आगे रहीं।
कम्पाउंड टीम एलिमिनेशन और रिकर्व क्वालीफाइंग स्पर्धा बुधवार को होंगी।

Next Post

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री का चीन दौरा

Wed Jul 9 , 2025
बीजिंग, 09 जुलाई (वार्ता)ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग के निमंत्रण पर 12 से 18 जुलाई तक की आधिकारिक यात्रा पर यहां आएंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने मंगलवार को यहां यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि यह यात्रा ऐसे […]

You May Like