
रीवा। मुंबई से जीप चोरी कर भागा आरोपी रीवा में जिंदा कारतूस की बिक्री करते गिरफ्तार हुआ है. पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है. वहीं उसकी गिरफ्तारी के संबंध में मुंबई पुलिस को भी सूचना भिजवाई जा रही है.
काले रंग की थार जीप में सवार होकर एक युवक कारतूस की बिक्री करने आया था जिसकी सूचना पुलिस को मिल गई. एसडीओपी मनगवा प्रतिभा शर्मा के निर्देश पर लालगांव चौकी पुलिस ने भटवा हिनौती के समीप घेराबंदी कर दी. जैसे ही वाहन में सवार होकर आरोपी पहुंचा तो पुलिस ने उसको रोक लिया. उसकी तलाशी लेने पर दो जिंदा कारतूस बरामद हुए है जिसको वह बिक्री करने के लिए आया था. गाड़ी के संबंध में जानकारी जुटाने पर वह चोरी की निकली. पकड़े गए आरोपी की पहचान सूरज सिंह बिसेन उर्फ अभिजीत पिता प्रकाश नारायण सिंह 26 वर्ष निवासी सोनवर्षा थाना गढ़ के रूप में हुई है. आरोपी मुंबई में रहकर कैब चलाता था. एक सप्ताह पहले पनवेल न्यू मुंबई से उसने एक जीप चुराई थी जिसको लेकर वह रीवा आ गया था. आरोपी गाड़ी से उत्तर प्रदेश के बांदा गया था जहां पर उसने दो जिंदा कारतूस खरीदे थे जिसको बिक्री के लिए वह लेकर आया था. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस ने मामला दर्ज किया है. उसके पास से तीन मोबाइल फोन मिले है. गिरफ्तारी के संबंध में मुंबई पुलिस को सूचना भिजवाई गई है.
एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि एक जीप में सवार आरोपी को पकड़ा गया था जो कारतूस की बिक्री करने आया था. आरोपी के पास से दो जिंदा कारतूस व तीन मोबाइल बरामद हुए है. आरोपी के पास से मिली जीप उसने न्यू मुंबई के पनवेल से चोरी की थी. जीप के संबंध में पनवेल पुलिस को सूचना भिजवाई जा रही है.
