
परासिया। सिविल अस्पताल परासिया में मेडिकल उपकरण और फर्नीचर की खरीदी में गुणवत्ताहीन सामग्री सप्लाई किए जाने का मामला रोगी कल्याण समिति की बैठक में जोर-शोर से उठा। लगभग 1 करोड़ 77 लाख रुपये की सामग्री खरीदी में अनियमितता का आरोप लगाते हुए समिति के सदस्यों ने खरीदी एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बुधवार को अस्पताल के सभा कक्ष में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने और सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस दौरान एक महीने के भीतर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) शुरू करने का निर्णय लिया गया। ओटी के लिए आवश्यक सामग्री और उपकरणों की व्यवस्था विधायक निधि से किए जाने की बात कही गई।
पूर्व सांसद द्वारा दिए गए उपकरणों के उपयोग की मांग
बैठक में कोविड काल के दौरान पूर्व सांसद नकुलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा दिए गए दो वेंटिलेटर और लगभग ढाई सौ ऑक्सीजन सिलेंडर के उपयोग का मुद्दा भी उठा। जनपद उपाध्यक्ष जमील खान ने ग्रामीण क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य केंद्रों में पांच-पांच सिलेंडर उपलब्ध कराने की बात कही, ताकि गांव स्तर पर ऑक्सीजन की सुविधा मिल सके।
एक्स-रे और अन्य सुविधाओं पर भी चर्चा
विधायक ने अस्पताल में एक्स-रे सुविधा जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक सामग्री का प्रस्ताव प्रस्तुत करने पर उन्होंने संसाधन उपलब्ध कराने की सहमति दी। इसके बाद नागरिकों को सिर्फ 30 रुपये में एक्स-रे और फिजियोथेरेपी जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
बैठक में चांदामेटा अस्पताल के सीसीटीवी बंद होने और वहां सामने आए कथित रिश्वत कांड का मुद्दा भी उठाया गया। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं के पोर्टल बंद रहने से आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
