छतरपुर। जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के बिहटा पंचायत स्थित हरपुरा गांव में जमीन और अवैध बालू उत्खनन को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देर रात शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस दौरान महिला, पुरुष और बुजुर्ग सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कुछ लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसको देखते हुए पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर 12-12 लोगों सहित कुल 24 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि डॉक्टर की रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
