
ग्वालियर। डबरा थाना सिटी पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को लाल कोठी हनुमानजी मन्दिर के पास से पकड़ा है। पुलिस ने वाहन चोरों की निशानदेही पर उनके कब्जे से चोरी की गई टमटम को भी जब्त किया है। पकड़े गये चोरों द्वारा चोरी की टमटम से सवारियां लाने ले जाने का कार्य किया जा रहा था।
थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि रक्कास बाबा के पास रामगढ डबरा निवासी श्यामू मौर्य ने रिपोर्ट लिखाई थी कि उसकी टमटम बंटी गुर्जर के गोदाम से चोरी चली गई थी। टमटम चोरी का पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दौराने जांच डबरा थाना सिटी पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि प्रकरण में चोरी गई ईरिक्शा रविन्द्र धानुक निवासी अमरपुरा बेरी डबरा व नुकुल रजक निवासी घासमण्डी द्वारा लालकोठी हनुमानजी मन्दिर के पास किलागेट तरफ चला रहे हैं। सूचना पर से पुलिस टीम ने मुखबिर के बताये स्थान लाल कोठी हनुमानजी मन्दिर के पास जाकर देखा तो मौके पर ई रिक्शा क्रमांक एमपी07जेडएस 7313 लालकोठी हनुमानजी मन्दिर के सामने खड़ी मिली जिसमें दो व्यक्ति बैठे दिखे। पुलिस टीम ने टमटम में बैठे दोनों संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम रविन्द्र धानुक पुत्र गुलाब धानुक आयु 28 साल निवासी हरी सरपंच बाली गली अमरपुरा खेरी डबरा एवं नकुल रजक पुत्र दयाशंकर रजक आयु 24 साल निवासी मिरजापुर मोहल्ला घासमण्डी का होना बताया। पकड़े गये दोनों वाहन चोरों ने पुलिस को टमटम के संबंध में बताया कि उन्होंने दोपहर में पशु चिकित्सालय के सामने गोदाम से टमटम चोरी करना स्वीकार किया और चोरी की गई टमटम से वह सवारियां लाने ले जाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने वाहन चोरों से चोरी की टमटम को जब्त कर लिया है।
