दतिया: पीताम्बरा नगरी दतिया में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व आज धूमधाम से मनाया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम गोविंद जी के मंदिर में चल रहा है। बांके बिहारी सेवा समिति की ओर से सुबह 6 बजे से विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया। दिन की शुरुआत ठाकुर जी के दूध-दही स्नान से हुई। दोपहर में बाइक रैली निकली। वहीं शाम साढ़े 5 बजे ठाकुर जी की आरती के बाद शहर में विशाल शोभायात्रा निकलेगी।
रात 8 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। रात 12 बजे से 1 बजे तक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान आतिशबाजी की जाएगी। अगले दिन 17 अगस्त को दोपहर में नंदोत्सव के तहत दधिखाना कार्यक्रम होगा। श्रद्धालु अपनी आस्था के अनुसार बर्तन और कपड़े लुटाएंगे। कार्यक्रम के समापन में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता पहले गोविंद जी के मंदिर में और फिर टाउन हॉल स्थित छोटे गोविंद जी के मंदिर पर होगी।
