जबलपुर: बरगी थाना अंतर्गत बसंत नगर में रहने वाला ससुराल पक्ष न्यायालय में समझौते के बाद भी नहीं सुधरा। महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, बल्कि खाना बनाने जैसी मामूली बात पर उसे बेरहमी से पीटा। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति और सास-ससुर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार बसंत नगर निवासी 24 वर्षीय श्वेता साहू का विवाह वर्ष 2020 में शोभित साहू के साथ हुआ था। शादी के कुछ ही समय बाद से ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था।
विवाद इतना बढ़ा कि मामला कोर्ट तक जा पहुंचा। श्वेता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता हुआ था। पति और ससुराल वालों के आश्वासन पर वह दोबारा अपने ससुराल रहने आई थी। लेकिन कुछ दिनों बाद ही पति शोभित उर्फ आशीष साहू, ससुर फलादी साहू और सास मुन्नी साहू ने उसे फिर से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बीती रात करीब 10 बजे घर में खाना बनाने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते सास और ससुर गाली-गलौज पर उतर आए। इसी दौरान पति शोभित ने आव देखा न ताव और श्वेता पर घूंसों की बरसात कर दी। हमले में श्वेता की आंख, सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
