
धामनोद । धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसोदिया में सोमवार 9 मार्च को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू की। दो दिन पहले दी गई चेतावनी की समयसीमा समाप्त होने के बाद राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुँची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने किसी भी संभावित विवाद को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। मौके पर 8 एसडीओपी रेंज के अधिकारी, 18 थाना प्रभारी और करीब 400 पुलिसकर्मियों का बल तैनात किया गया।
इस दौरान मनावर एसडीएम प्रमोद गुर्जर, धरमपुरी तहसीलदार कुणाल आवासिया और धामनोद नायब तहसीलदार कृष्णा पटेल सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
सुबह से प्रशासनिक अमला गांव में डेरा डाले रहा और दोपहर करीब 11 बजे से 3 जेसीबी मशीनों की मदद से मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। वहीं चार से अधिक ट्रैक्टरों के जरिए मकानों का सामान खाली करवाकर सुरक्षित स्थान पर रखवाया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि पहले ही अतिक्रमणकारियों को दो दिन का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर मजबूरन यह कार्रवाई की जा रही है।
