सारनी। जल आवर्धन योजना के तहत लगाए जा रहे नल कनेक्शनों को लेकर शहर में आक्रोश बढ़ गया है। पाइपलाइन मेंटेनेंस पूरा न होने के बावजूद कर्मचारी घर-घर पहुंचकर 4000 कनेक्शन शुल्क और 150 मासिक शुल्क की वसूली करने लगे, जिससे रहवासी भड़क उठे। लोगों का कहना है कि योजना के दौरान फ्री नल कनेक्शन देने की घोषणा की गई थी, पर अब अचानक शुल्क थोपना अनुचित है।
वार्डवासियों ने नगर पालिका परिषद सारनी के सीएमओ सी.के. मेश्राम को ज्ञापन सौंपते हुए कनेक्शन शुल्क पूरी तरह माफ करने और मासिक शुल्क केवल 30-50 तक रखने की मांग की। नागरिकों के अनुसार, न तो योजना की सही जानकारी दी गई न ही सहमति ली गई। पानी 24 घंटे उपलब्ध होने का दावा किया गया था, जबकि वर्तमान में केवल एक घंटे सप्लाई हो रही है। कई स्थानों पर कनेक्शन अधूरे हैं और पाइपलाइन लीकेज से पानी बर्बाद हो रहा है।
बढ़ते जनाक्रोश के बीच रहवासी मनमानी वसूली के खिलाफ आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं।
