पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 576 बदमाशों पर गिरी गाज

इंदौर: त्योहारों से पहले शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने शनिवार रात से रविवार सुबह तक विशेष कॉम्बिंग गश्त चलाकर गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी। इस दौरान पुलिस ने करीब 1220 बदमाशों को चेक किया, जिनमें से 576 के खिलाफ उचित कार्रवाई की गई.पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन और एडिशनल कमिश्नर अमित सिंह व मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में सभी जोन के डीसीपी और थाना प्रभारी शामिल रहे.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में फरार आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए 312 से अधिक वारंट तामील कराए, जिनमें 72 स्थाई, 87 गिरफ्तारी और 153 जमानती वारंट शामिल हैं, साथ ही 131 समन भी तामील किए गए. वाहन चेकिंग में शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 132 लापरवाह चालकों को पकड़ा और उन पर 185 मोटर व्हीकल एक्ट की कार्रवाई की गई. वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ 25 प्रकरण दर्ज किए.

इसी तरह 248 गुंडे-बदमाश, 66 नकबजन, 36 लुटेरे, 84 चाकूबाज, 8 ड्रग पैडलर, 144 निगरानीशुदा बदमाश और 56 जिला बदर व रासुका के अपराधियों सहित करीब 644 से ज्यादा असामाजिक तत्वों को पकड़कर कड़ी चेतावनी दी गई. पुलिस ने आदतन अपराधियों पर भी कार्रवाई करते हुए 107 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक प्रकरण बनाए और उनसे डोजियर भरवाए. कई फरार आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं. अधिकारियों ने साफ किया है कि ऐसी कार्रवाइयां लगातार चलेंगी, ताकि शहर में अपराधियों के हौसले पस्त हों और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे.

Next Post

कियारा आडवाणी ने फिल्म परम सुंदरी की तारीफ की

Sun Aug 31 , 2025
मुंबई, 31 अगस्त (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने फिल्म परम सुंदरी की तारीफ की है। तुषार जलोटा के निर्देशन में बनी फिल्म परम सुंदरी में सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 29 अगस्त को रिलीज हुयी है। कियारा आडवाणी ने इंस्टाग्राम पर अपनी स्टोरी […]

You May Like

मनोरंजन