
ग्वालियर। अचलेश्वर महादेव मंदिर से आज रंगपंचमी के मौके पर बाबा अचनाथ की सवारी निकाली गयी। डीजे और बैंड की धुनों पर चल समारोह में लोग नाचते-गाते दिखाई दिये। यात्रा की शुरूआत बाबा अचलनाथ की पूजा और आरती के साथ हुई। विभिन्न मार्गो पर लोग फूलों और रंगों की होली खेल रहे थे। चल समारोह शहर के इंदरगंज चोराहा, दालबाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, ऊंट पुल से पाटनकर बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, डीडवाना ओली, राम मंदिर चौराहा, फिर ऊंट पुल से होते हुए अचलेश्वर महादेव मंदिर पर आकर संपन्न हुआ। बाबा अचलनाथ के स्वागत में कई स्थानों पर प्रसादी का भी वितरण किया गया। राम मंदिर पहुंचने पर बाबा अचलनाथ ने भगवान राम के साथ फूलों और गुलाल से होली खेली। इसके अतिरिक्त, सनातन धर्म मंदिर में चक्रधर भगवान के साथ भी रंगोत्सव मनाया गया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया।
रंगपंचमी के मौके पर हर वर्ष बाबा नगर भ्रमण यात्रा पर निकलते है। बाबा अचलनाथ की सवारी ने अचलेश्वर महादेव मंदिर से नगर भ्रमण के लिये प्रस्थान किया। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओ ने जगह-जगह बाबा अचलनाथ की सवारी का स्वागत कर फूलों की वर्षा की।
*दानदाता ने की 5 किलो चांदी दान*
कार्यक्रम के समापन पर बाबा अचलनाथ की सवारी मंदिर वापस लौटी, जहां आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन के दौरान एक दानदाता द्वारा मंदिर के स्तंभों के लिए 5 किलो चांदी दान करने की बात भी सामने आई है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार आज मंदिर की सभी दानपेटियां भी खोली गईं। रंगपंचमी के इस भव्य आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए।
