शिवपुरी: जिले के बैराड़ कस्बे में एक अवैध मावा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। यहां हुए एक धमाके के बाद तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें सड़ा हुआ मावा, दूध, रिफाइंड और डिटर्जेंट बरामद हुआ। फैक्ट्री को सील कर दिया गया है और मामले की रिपोर्ट पोहरी एसडीएम को भेजी गई है। यह घटना बैराड़ तहसीलदार निवास के पीछे स्थित एक मकान में हुई। बंद फैक्ट्री के अंदर अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद धुएं का गुबार उठने लगा। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। 1 क्विंटल सड़ा मावा, 50 किलो पन्नी पैक मावा, 1 क्विंटल दूध, समेत कई अन्य सामग्री मिली है।
सूचना मिलते ही तहसीलदार द्रगपाल सिंह बैश मौके पर पहुंचे। फैक्ट्री पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद उन्होंने फायर ब्रिगेड और नगर परिषद के कर्मचारियों को बुलाया। कुछ देर बाद फैक्ट्री संचालक विवेक गुप्ता पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता भी मौके पर पहुंच गया। तहसीलदार और पटवारियों की टीम ने ताला खुलवाकर फैक्ट्री के अंदर गहन जांच की। इस दौरान करीब 1 क्विंटल सड़ा हुआ मावा, 50 किलो पन्नी में पैक मावा, 1 क्विंटल दूध, 15 किलो घी, एक कट्टी रिफाइंड, डिटर्जेंट और मावा बनाने की अन्य सामग्री मिली। साथ ही, कढ़ाई, इलेक्ट्रिक भट्टी और लकड़ी की भट्टी भी बरामद हुई।
