जबलपुर: गढ़ा थाना क्षेत्र में बाइक हटाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने न केवल एक परिवार के साथ मारपीट की, बल्कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हमले में दामाद, बेटी समेत तीन लोग घायल हो गए।पुलिस के मुताबिक गढ़ा निवासी पूरन पगारे चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दो दिन पहले पड़ोस में रहने वाले राकेश मेहरा से मोटरसाइकिल आगे-पीछे करने को लेकर कहासुनी हुई थी।
इसी रंजिश के चलते बीती रात करीब 10:30 बजे जब पूरन के घर उनके दो दामाद खाना खाने आए थे, तब आरोपी राकेश मेहरा अपने साथी अरविंद के साथ वहां पहुँचा और मारपीट शुरू कर दी। आरोपी अरविंद ने डंडे से घर में लगे कैमरे तोडक़र नुकसान पहुँचाया। शोर सुनकर राकेश के पिता भरत मेहरा और अब्बू ठाकुर भी वहां पहुँच गए। बीच-बचाव करने आए दामाद सोनू बनाफर पर राकेश ने लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उनके माथे पर चोट आई है। वहीं, बीच-बचाव कर रही बेटी प्रभा पर भरत मेहरा ने डंडे से हमला किया, जिससे उसके हाथ का अंगूठा चोटिल हो गया। पूरन को आरोपियों ने जमीन पर घसीटकर चोट पहुंचा दी और धमकाते हुए फरार हो गए।
