जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हो रही दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं शुक्रवार को समाप्त हो गई हैं। इसी क्रम में बारहवीं कक्षा की भी बोर्ड परीक्षा शनिवार को हिंदी के पेपर के साथ समाप्त हो गई हैं। सहायक संचालक आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार यह परीक्षा भी जिले में शहर के 47 और ग्रामीण क्षेत्र के 52 केंद्रों में मिलाकर कुल 99 केंद्रों में आयोजित हुई, जिसमें कुल 18037 परीक्षार्थी शामिल होने वाले थे। लेकिन 17633 विद्यार्थियों ने ही यह परीक्षा दी है,जबकि 404 विद्यार्थी इस परीक्षा में अनुपस्थित थे। आखिरी पेपर में भी कोई नकल पड़ा सामने नहीं आया है।
उड़न दस्ता की टीम की रही पैनी नजर
बोर्ड परीक्षा में नकल पकड़ने के लिए जिला प्रशासन एवं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा एक टीम का गठन किया गया था। जो सभी परीक्षा केंद्र में पहुंचकर आकस्मिक रूप से निरीक्षण कर रहे थे और नियमित तौर से चल रहीं परीक्षाओं पर भी नजर रख रहे थे। इसके अलावा नकल करने वालों के ऊपर भी इनकी पैनी नजर रही। शनिवार को भी हिंदी के पेपर में उड़न दस्ता की टीम ने विभिन्न केंद्र में जाकर निरीक्षण किया।
