भोपाल। महिलाओं और बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों को लेकर न्याय की मांग करते हुए जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एपस्टीन फाइल्स से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
यह विरोध प्रदर्शन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के निर्देश पर आयोजित किया गया। महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर रोशनपुरा चौराहे पर एकत्रित हुईं और सांकेतिक रूप से धरने पर बैठीं।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की चुप्पी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि जब तक इन घटनाओं की सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक महिला कांग्रेस अपनी आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग भी उठाई। इस अवसर पर रुपाली शर्मा, फरजाना खान, महक राणा, सरोज कामले, निधि शर्मा सहित महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
