इंदौर: चंदन नगर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर चाकू दिखाकर धमकाने, मारपीट करने और अवैध रूप से रुपए मांगने के मामले में पुलिस ने कुख्यात बदमाश सादिक उर्फ काला और उसके साथी फैयाज को गिरफ्तार किया है. आरोपी सादिक हत्या के दो मामलों में दोषसिद्ध है और उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं.चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि 6 मार्च 2026 को फरियादिया नसीम बी और सिद्दीक पठान ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि क्षेत्र का कुख्यात बदमाश सादिक उर्फ काला पिता गुलफाम निवासी सहयोग नगर अपने साथियों अज्जु बटला और फैयाज के साथ उनके घर में घुस आया था, आरोपियों ने चाकू दिखाकर डराया-धमकाया, गाली-गलौच और मारपीट की तथा अवैध रूप से रुपए की मांग की.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. घटना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी, पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सादिक उर्फ काला उम्र 44 साल निवासी सहयोग नगर तथा फैयाज उम्र 23 साल निवासी ई-सेक्टर चंदन नगर को हिरासत में ले लिया. आरोपी सादिक से घटना में उपयोग किया खटकेदार लोहे का धारदार चाकू भी जब्त किया है. सादिक उर्फ काला पूर्व में हत्या के दो मामलों में दोषसिद्ध है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, अवैध हथियार रखने, अड़ीबाजी, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी जैसे करीब 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं. आरोपी के प्रभाव और क्षेत्र में उसके डर को खत्म करने के उद्देश्य से पुलिस ने रानी पैलेस क्षेत्र और उसके बैठने के सामान्य स्थान लाल स्कूल के पास जुलूस निकाला. इस दौरान आरोपी सादिक उर्फ काला ने सड़क पर घुटनों के बल बैठकर लोगों से माफी मांगी और दोबारा अपराध नहीं करने की कसम खाई.
