ईरान-इजरायल में हमलों का सिलसिला सातवें दिन भी जारी

तेहरान/वॉशिंगटन, 06 मार्च (वार्ता) अमेरिका-इजरायल एवं ईरान के बीच युद्ध के सातवें दिन दोनों पक्षों के बीच हमलों के नये दौर चालू रहे। अमेरिका और इजरायल ने सातवें दिन तेहरान सहित ईरान के कई अन्य शहरों पर भीषण हवाई हमले किये। इजरायली सेना ने बताया कि उसने तेहरान में ईरानी सरकार के बुनियादी ढांचों पर ‘बड़े पैमाने’ पर हवाई हमले शुरू कर दिये हैं। इजरायली सैन्य प्रमुख इयाल ज़मीर ने एक टीवी साक्षात्कार में कहा कि शनिवार को शुरू हुए अमेरिका-इजरायल के संयुक्त अभियान के बाद से इजरायली युद्धक विमान लगभग 2,500 हमले कर चुके हैं और 6,000 से अधिक बम गिराए जा चुके हैं। इजरायल ने बेरूत में हिजबुल्ला के ठिकानों पर भी हवाई हमले किए, जिसमें कमांड सेंटर और 10 बहुमंजिला इमारतों को निशाना बनाया गया है।

इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) के एक बयान के अनुसार, ये हमले बेरूत के उपनगरीय इलाके दाहियेह में किए गए। यहां हिजबुल्ला के एक कार्यकारी परिषद कमांड सेंटर और ड्रोन भंडारण सुविधा को नष्ट कर दिया गया, जिनका उपयोग इजरायल पर हमले करने के लिए किया जा रहा था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के अगले सर्वोच्च नेता के चयन की प्रक्रिया में भूमिका निभाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका और इज़रायल ऐसे किसी उत्तराधिकारी को स्वीकार नहीं करेंगे जो दिवंगत नेता अली खामेनेई की नीतियों को जारी रखे। रिपोर्टों के अनुसार श्री ट्रंप ने कहा है कि ईरान में नेतृत्व परिवर्तन भविष्य के अमेरिका-ईरान संबंधों को तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास ऐसे संभावित उम्मीदवारों के बारे में जानकारी है जिन्हें वह ‘अच्छा नेता’ मानते हैं। एक साक्षात्कार में श्री ट्रंप ने दिवंगत अयातुल्ला खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को संभावित उत्तराधिकारी के रूप में खारिज करते हुए कहा, “खामेनेई का बेटा हल्का नेता है। मुझे नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल होना होगा।”

इस बीच, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी चेतावनी दी है कि बमबारी का यह सिलसिला अब ‘और तेज होने वाला है।’ ईरान ने भी इजरायल पर बड़ा जवाबी हमला किया है। ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (आईआरजीसी) के अनुसार, ईरान ने तेल अवीव के ठिकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी संख्या में यूएवी (ड्रोन) और ‘खैबर’ मिसाइलें दागी हैं। समाचार एजेंसी आईआरएनए ने आईआरजीसी के हवाले से बताया, “ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस-4 के तहत नये हमले शुरू हो गये हैं।” कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी कि ईरानी हमले में अब तक कुवैत में कुवैत सशस्त्र बल के 67 सैनिक घायल हो गये हैं। इधर हिज़्बुल्ला ने लेबनान की सीमा से लगे पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले इजरायल के नागरिकों को शहरों को छोड़कर किसी दूसरे स्थान पर चले जाने के लिए कहा है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार हिज्बुल्लाह ने यह चेतावनी हिब्रू में अपने टेलीग्राम चैनल पर एक संदेश साझा करके दी।
एक अन्य घटनाक्रम में, यमन के हूती समूह के नेता अब्दुल मलिक अल-हूती ने कहा है कि वे ईरान के साथ खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हूती नियंत्रित ‘अल-मसीरा’ टीवी चैनल पर प्रसारित एक टेलीविजन भाषण में श्री मलिक ने गुरुवार को कहा, “अगर घटनाक्रम की मांग हुई, तो किसी भी क्षण हमारी उंगलियां ट्रिगर पर होंगी।” उन्होंने इसे केवल किसी एक पक्ष के संघर्ष के बजाय ‘पूरे देश की लड़ाई’ बताया है।

Next Post

इक़बाल खान बने अक्षय कुमार के साथ 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' का हिस्सा

Fri Mar 6 , 2026
मुंबई, 06 मार्च (वार्ता) सोनी सब के नए शो ‘हुई गुम यादें- एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ’को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया, जब शो के मुख्य अभिनेता इक़बाल खान ने बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार के गेम शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून में स्पेशल अपीयरेंस दी। इस खास एपिसोड में इक़बाल […]

You May Like