
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने इंदौर में सीवर की सफाई के दौरान दो सफाई कर्मियों की मौत पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया है। यह घटना 2 मार्च को शहर के चोइथराम अस्पताल गेट के पास एक सीवर चेंबर की सफाई के दौरान हुई, जिसमें सफाई कर्मचारी करण और अजय की मौत हो गई। इंदौर लगातार आठ बार देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित हो चुका है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रवीण धौलपुरे ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने वाले सफाई कर्मियों को अक्सर पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के बिना ही सीवर में उतरने के लिए मजबूर किया जाता है, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ती है।
उन्होंने मृतक कर्मचारियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी तथा घायल कर्मचारियों को मुफ्त इलाज के साथ 25-25 लाख रुपये की सहायता देने की मांग की। साथ ही उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की भी मांग की।
