रामनगर, 05 मार्च (वार्ता) उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित राज्य स्तरीय मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता में रामनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की युगल स्पर्धा में डॉ. मानस साह और पवन गुप्ता की जोड़ी ने जीत दर्ज कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। रामनगर के इन खिलाड़ियों ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अब उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हो गया है। हल्द्वानी के मिनी स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता में 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की युगल स्पर्धा में रामनगर के खिलाड़ी डॉ. मानस साह और पवन गुप्ता की जोड़ी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने दमदार तालमेल और शानदार रणनीति के साथ मुकाबले खेले और अंततः स्वर्ण पदक हासिल कर रामनगर का नाम रोशन किया।
इस जीत के साथ ही डॉ. मानस साह और पवन गुप्ता की जोड़ी का चयन राष्ट्रीय स्तर की मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हो गया है। यह प्रतियोगिता मार्च महीने में गोवा के मनोहर पर्रिकर इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जहां देशभर से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
अपनी इस उपलब्धि पर दोनों खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी वह इसी तरह मेहनत करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल जगत और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। उनके परिवार के सदस्यों सहित अंतरराष्ट्रीय कोच डी.के. सेन, जिला क्रीड़ा अधिकारी नैनीताल निर्मला तिवारी, पूर्व सहायक निदेशक खेल सुरेश पांडे, उत्तरांचल बैडमिंटन संघ के सचिव बी.एस. मनकोटी, रामनगर बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष गणेश रावत, नवीन जोशी, संजय लखोटिया और हिमांशु बिष्ट समेत कई खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी। साथ ही सभी ने उम्मीद जताई कि रामनगर की यह जोड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करेगी। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से स्थानीय युवाओं में भी खेलों के प्रति उत्साह बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

