जबलपुर: तिलवारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत खुलरी-डुडवारा रोड पर पहाड़ी के पास तीखे मोड़ पर मोटर साइकिल अनियंत्रित होने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का शव पूरी रात सड़क किनारे झाड़ियों में उसकी मोटर साइकिल के नीचे दबा रहा, जिसकी जानकारी आज सुबह पुलिस को मिली।जानकारी के अनुसार ग्राम बरखेड़ा थाना चरगवां निवासी संजय भूमिया (40 वर्ष) पेशा मजदूरी करता था। बुधवार, 4 मार्च की दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 20 जेडीबी 6562 पर सवार होकर बरखेड़ा से डुडवारा अपने चाचा के लड़के से मिलने जा रहा था। इसी दौरान खुलरी और डुडवारा के बीच पहाड़ी वाले मोड़ पर उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।
बाइक के नीचे दबने से तोड़ा दम
हादसा इतना अचानक था कि संजय संभल नहीं पाया और बाइक सहित झाड़ियों में जा गिरा। भारी-भरकम मोटर साइकिल उसके ऊपर ही पलट गई, जिससे वह उसके नीचे दब गया। सुनसान इलाका और झाड़ियां होने के कारण राहगीरों की नजर उस पर नहीं पड़ी। गंभीर चोटें आने और समय पर सहायता न मिलने के कारण संजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों में शोक की लहर
आज घटना की सूचना मिलने पर तिलवारा पुलिस और मृतक के भाई मंजू भूमिया मौके पर पहुंचे। भाई ने बताया कि संजय कल से घर नहीं लौटा था, जिसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस ने हाईटेंशन लाइन के पास से शव को बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज मोड़ पर संतुलन खोना माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
