भोपाल: राजधानी में होली के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में आज स्नेह और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। सीएम डॉ यादव ने होली के पावन पर्व पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों,पत्रकारों और अन्य लोगों से मुलाकात कर मंगलकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को रंगों के इस उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि यह पर्व प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को मुख्यमंत्री ने गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पारंपरिक मिठाइयों के साथ आत्मीय संवाद का दौर भी चला। मुख्यमंत्री ने सभी से सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली मनाने की अपील की।
