सतना: जिले के कोठी थाना क्षेत्र स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय कठवरिया में सोमवार को हड़कंप मच गया, जब स्कूल के नोटिस बोर्ड पर बम से उड़ाने की धमकी भरा पोस्टर मिला। इसमें 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है और खुद को गैंगस्टर अतीक अहमद का गुर्गा बताया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह शिक्षकों ने विद्यालय पहुंचने पर नोटिस बोर्ड पर यह संदिग्ध पोस्टर देखा।
पोस्टर में स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी और शिक्षकों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। पोस्टर में लिखा- अतीक मारा गया, गुर्गे नहीं धमकी देने वाले ने पोस्टर में लिखा था, “अतीक मारा गया है, उसके गुर्गे नहीं।” इस लाइन को पढ़कर शिक्षकों में दहशत फैल गई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में इसे किसी शरारती तत्व की हरकत माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
मामले की जांच जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। स्कूल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और छात्रों व अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की गई है। हेडमास्टर अरुण पांडेय ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
कोर्ट-पासपोर्ट ऑफिस को मिल चुकी है धमकी
इसके पहले कोर्ट को उड़ाने की मिली थी धमकी गौरतलब है कि सतना में इससे पहले भी जिला न्यायालय और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं, जिनकी जांच अभी जारी है। लगातार मिल रही धमकियों से पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है
