
उज्जैन। मंगलवार को जल गंगा संर्वधन अभियान के अंतर्गत कलेक्टर नीरज कुमार सिंह एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा विकास खंड घट्टिया के ग्राम कालियादेह महल के समीप स्थित 52 कुंड की सफाई के अंतर्गत श्रम दान किया गया। उल्लेखनीय है कि अभियान के तहत जिले के समस्त प्राचीन कुएं, बावड़ी एवं अन्य जल स्त्रोतो में जल के पुनर्चक्रण और संरक्षण के लिए साफ सफाई तथा गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा 52 कुंड की सफाई में श्रमदान किया गया। सफाई के दौरान घाटों पर जमा मलबा और काई हटाई गई साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा विसर्जित की गई सामग्री को भी निकाला गया। इधर,कालियादेह महल पंचकोषी यात्रा का भी प्रमुख पड़ाव स्थल है काफी संख्या में यहां लोग विश्राम करते है और स्नान करते है। सभी अधिकारियों के द्वारा 52 कुंड तथा समीप के घाट की सफाई में श्रमदान किया गया। कलेक्टर ने आने वाले दिनो में भी घाट और आस पास के क्षेत्रो में साफ-सफाई को बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ स्मार्ट सिटी संदीप शिवा, एसडीएम ग्रामीण कृतिका भीवामद, अतिरिक्त कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बृजेश पटेल, कविता उपाध्याय, जय दीक्षित, मोहन सिंह परिहार, हैमेन्द्र पाटीदार, कैलाश यादव, रूपेश परमार, कमल सिंह राठौड़ , सुभाष पारेगी, ईश्वर डाबी, हैदर पटेल एवं जिला अधिकारी मौजूद थे।
