ग्वालियर: समूचे ग्वालियर चंबल अंचल में आज बुधवार सुबह से ही होली का उत्सव शुरू हो गया है। सड़कों पर होली का उल्लास देखते ही बन रहा है। बच्चों की टोलियां गलियों में घूमकर हुड़दंग करती नजर आ रही हैं। मोहल्ले में डीजे साउंड लगाकर डांस चल रहा है, तो ऊपर से रंग-बिरंगे पानी की बौछार की जा रही है। जगह-जगह युवाओं की टोलियां बाजार में गश्त पर निकली हैं और युवा व बच्चे रंग गुलाल उड़ाते हुए और नाचते झूमते दिखाई दे रहे हैं। इस बार सबसे अधिक सूखे रंगों की होली खेली जा रही है।
होली पर हुड़दंग करने वालों पर ड्रोन से नजर रख रही है। हाल ही में ईरान पर अमेरिका और इजराइल हमलों को लेकर भी पुलिस संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरत रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। सड़क पर हंगामा करने, नशे में वाहन चलाने या तीन सवारी पाए जाने पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में पकड़े जाने पर त्योहार हवालात में भी मनाना पड़ सकता है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि नशे के कारण अक्सर लोग त्योहार का मजा खराब कर देते हैं। इस बार ऐसा न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। शहर में फिक्स पॉइंट लगाकर चेकिंग की जाएगी और 100 से अधिक पुलिस मोबाइल तैनात हैं, जो किसी भी विवाद की स्थिति में चंद मिनटों में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही हैं। गली-मोहल्लों में निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि उन इलाकों पर भी नजर रखी जा सके जहां पुलिस बल के पहुंचने में समय लग सकता है।
संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
होली के दौरान पुलिस की खास नजर उन संवेदनशील क्षेत्रों पर है, जहां दोनों समुदाय के लोग रहते हैं और पहले तनाव की स्थिति बन चुकी है। इसी वजह से लगातार शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई थीं और सभी से सौहार्दपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की गई है। पुलिस आज बुधवार को ऐसे इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।
