
ब्यावरा। मंगलवार को होली पर्व के दिन चंद्रग्रहण होने के चलते इसका प्रभाव पर्व पर दिखाई दिया. होली पर की जाने वाली रंग डालने की रस्म जिले में कहीं की गई तो कहीं आज बुधवार को यह रस्म की जाएगी.
गौरतलब है कि परंपरानुसार होली के दिन सामुहिक गेर के रुप में लोग गमी वाले परिवारों के यहां पहुंचते है जहां रंग डालने की रस्म की जाती है, इसके बाद इन परिवारों में शुभ कार्यो की शुरुआत हो जाती है, शादी, ब्याह सहित अन्य शुभ कार्य प्रारंभ हो जाते है.
इस बार मंगलवार होली के दिन चंद्रग्रहण होने से रंग डालने की रस्म मंगलवार एवं बुधवार दो दिन की गई. चंद्रग्रहण होने से जिले में अधिकांश स्थानों पर मंगलवार को यह रस्म नहीं करते हुए आज बुधवार को की जाएगी. जबकि कुछ जगहों पर मंगलवार के दिन सुबह के समय रंग डालने की रस्म की गई.
कहीं दुकाने खुली, कहीं बंद रही
चंद्रग्रहण का प्रभाव बाजार पर भी नजर आया. कहीं व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले थे तो कहीं पर बंद रहे. आम दिनों की तरह बाजार में चहल-कदमी भी बहुत कम देखी गई. हालांकि बसे, यात्री वाहन चल रहे थे. परन्तु यात्रियों की संख्या कम ही देखी गई.
मंदिरों के पट रहे बंद
चंद्रग्रहण का सूतक लगने के साथ ही सुबह से ही नगर में मंदिरों के पट बंद रहे. इस दौरान अनेक जगह भजन कीर्तन भी हुए. चंद्रग्रहण केे समापन पश्चात देर शाम को मंदिरों के पट खुलने के बाद आरती की गई.
बच्चों में दिखा उत्साह
होली पर विशेष रुप से बच्चों में काफी उत्साह दिखाई दिया. चंद्रग्रहण के चलते अधिकांश जगहों पर मंगलवार को होली नहीं खेली गई, परन्तु छोटे-छोटे बच्चों में पर्व को लेकर काफी उत्साह देखा गया. सुबह से ही रंग, गुलाल लेकर बच्चों के समूह दौड़ते-भागते हुए एक दूसरे को रंग में रंगते नजर आये. नगर में जहां होली पर गमी वाले परिवारों के यहां रंग डालने की परंपरा रही है वहीं रंगपंचमी पर जमकर होली होती है. हर बार की तरह इस बार भी रंगपंचमी पर विशाल गेर निकाली जाएगी.
