
बैतूल। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात हुए हादसे में तीन युवकों की मौत के बाद भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय विधायक हेमंत खंडेलवाल सुबह अस्पताल पहुंचे और प्रभावितों के परिजन से मुलाकात की।
उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी। खंडेलवाल ने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए गहरा दुःख व्यक्त किया।
करीब एक घंटे तक अस्पताल में मौजूद रहकर उन्होंने चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि घायलों को समुचित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अधिकारियों को मृतकों का पोस्टमार्टम शीघ्र कराकर पार्थिव शरीर उनके निवास तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसे में बैतूल निवासी वरुण प्रजापति, ऋतिक सोलंकी और अभय ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों की पहचान देवा पांडे और आकाश पाल के रूप में हुई है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत होता है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि सभी युवक किसी ढाबे पर खाना खाकर देर रात लगभग तीन बजे घर लौट रहे थे, तभी उनकी कार एक खड़ी क्रेन से जा टकराई।
