पलेरा: नगर परिषद पलेरा के सभाकक्ष में सोमवार को परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक की विशेष बात यह रही कि एजेंडे में शामिल 22 प्रस्तावों में से 20 को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।बैठक में परिषद अध्यक्ष गायत्री विनोद वर्मा, सांसद प्रतिनिधि सुनील खटीक, मुख्य नगरपालिका अधिकारी शिवी उपाध्याय, उपयंत्री, विभिन्न वार्डों के पार्षद और परिषद का स्टाफ मौजूद रहा।
इस दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़कों के सुदृढ़ीकरण, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं प्रमुखता से रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन अध्यक्ष और सीएमओ द्वारा दिया गया। स्वीकृत प्रस्तावों के माध्यम से नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की रूपरेखा तैयार की गई।बैठक में विकास कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया। अंत में अध्यक्ष ने सभी पार्षदों का आभार व्यक्त किया। बैठक के दौरान उपाध्यक्ष संदीप रानू तिवारी और वार्ड 15 के पार्षद प्रतिनिधि के बीच संक्षिप्त नोकझोंक भी देखने को मिली।
