
सिंगरौली। बैढ़न स्थित अटल सामुदायिक भवन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संबद्ध भारतीय मजदूर संघ, सिंगरौली द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं उनके परिवारजन शामिल हुए। स्नेह, सौहार्द और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल तिलक लगाकर रंगों के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ भाजपा नेता अर्जुन गुप्ता समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। विधायक ने आंगनवाड़ी बहनों के परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान रंग-अबीर, पुष्प वर्षा और होली गीतों के बीच भाईचारे और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया गया। विधायक ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और समरसता को अपनाने का अवसर है। उपस्थित जनों ने एक स्वर में कामना की कि रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करें। पूरे आयोजन में उत्साह और अपनत्व का वातावरण बना रहा, जिससे यह होली मिलन समारोह सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर उदाहरण बन गया।
