जबलपुर: कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में लंबित प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में सेवानिवृत्त आईएएस अरूण पांडे ने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों को नवाचार और सुशासन की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, किसानों के ई-केवायसी, खसरे में आधार लिंकिंग और सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए और आरसीएमएस में दर्ज होने वाले प्रकरणों से अधिक मामलों का प्रतिदिन निपटारा सुनिश्चित किया जाए।राजस्व वसूली, भू-अर्जन और भूमि आवंटन के मामलों में प्रगति लाने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने शहरी क्षेत्र के नजूल पट्टों का भौतिक सत्यापन कर वसूली सुनिश्चित करने को कहा। बड़े बकायादारों पर सख्ती बरतते हुए प्रत्येक तहसीलदार से दस प्रमुख बकायादारों की सूची प्रस्तुत करने और नोटिस तामिली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अवैध माइनिंग, अतिक्रमण और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई करने, कुर्की की कार्रवाई समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कंटेम्प्ट प्रकरणों को गंभीरता से लेने के निर्देश भी दिए। होली पर्व को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक कर सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर कलेक्टर नाथूराम गौंड ने अपने 38 वर्षों के प्रशासनिक अनुभव साझा किए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत अभिषेक गहलोत सहित सभी राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।
