
इंदौर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने आदतन अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस आयुक्त के निर्देश पर 18 शातिर बदमाशों के खिलाफ रासुका के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए गए है. इनमें से 6 कुख्यात बदमाशों को तड़ीपार जबकि 12 अन्य को थाना हाजिरी के लिए पाबंद कर दिया है.
उक्त प्रकरणों में शासन की ओर से पैरवी एडीपीओ अजय प्रताप बुंदेला ने बताया कि संबंधित जोन के अधिकारियों से प्राप्त प्रतिवेदन और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई की गई. सभी बदमाशों के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं. पूर्व में की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद इनके द्वारा लगातार आपराधिक गतिविधियां कर क्षेत्र की शांति भंग की जा रही थी. इस दौरान सभी आरोपियों को पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदेश की किसी भी शर्त का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
ये 6 बदमाश हुए तड़ीपार …
पुलिस आयुक्त द्वारा जिन बदमाशों को निर्धारित अवधि के लिए तड़ीपार किया है, उनमें आकाश उर्फ बकरी (तेजाजी नगर) 1 वर्ष, राहुल उर्फ पम्पा (पलासिया) 6 माह, साजिद (एमआईजी) 3 माह, सोहेल उर्फ टिक्कू (खजराना) 3 माह, सुदीप उर्फ सुमित (एमआईजी) 3 माह, हर्ष उर्फ हरीश (एरोड्रम) 3 माह के लिए इन सभी को जिला इंदौर और उससे लगे सीमावर्ती जिलों की सीमाओं से निष्कासित रहने के आदेश दिए हैं.
इन 12 बदमाशों को थाना हाजिरी का आदेश…
शेख अमजद, दीपक नरवरिया, अरविंद चावला, नवल किशोर, कुणाल निनामा, जफर उर्फ सुपारी, गोलू उर्फ संतोष, कान्हा उर्फ हरीश, अमित ठाकुर, बबलू उर्फ लक्ष्मण, अर्जुन उर्फ अज्जू और दीपक ठाकुर शामिल हैं.
