
जबलपुर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने कार्रवाई करते हुए नगर निगम स्थापना शाखा के एक लिपिक को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी लिपिक ने अपने ही विभाग के एक कर्मचारी से उसकी मेडिकल लीव स्वीकृत करने और वेतन जारी करने के नाम पर पैसो की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार पीड़ित पी. रामा राव नगर निगम में कर्मचारी हैं। उन्होंने अपनी बीमारी के कारण मेडिकल अवकाश लिया था, जिसकी स्वीकृति के लिए उन्होंने स्थापना शाखा में आवेदन दिया था। इस आवेदन की फाइल को आगे बढ़ाने और रुके हुए वेतन भुगतान की प्रक्रिया को पूरा करने के बदले लिपिक राकेश शर्मा ने उनसे 3 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
ईओडब्ल्यू ने बिछाया जाल
बार-बार चक्कर काटने से परेशान होकर कर्मचारी पी. रामा राव ने इसकी शिकायत ईओडब्ल्यू जबलपुर मुख्यालय में दर्ज कराई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने मामले का सत्यापन किया और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
पेट्रोल पंप के पास रंगे हाथों गिरफ्तारी
योजना के मुताबिक जैसे ही लिपिक राकेश शर्मा ने नगर निगम के सामने स्थित तीन पत्ती पेट्रोल पंप के पास आवेदक से रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से मुस्तैद ईओडब्ल्यू की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत के पैसे बरामद कर उसके हाथ धुलवाए, जो केमिकल के संपर्क में आते ही गुलाबी हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई से नगर निगम कार्यालय और स्थापना शाखा में हड़कंप मच गया है। आरोपी राकेश शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
