दोस्त बनकर साथ चले थे, मौत भी साथ ले गई: ब्यावरा हादसे में दो जिगरी दोस्तों का दर्दनाक अंत

ब्यावरा। राजगढ़ जिले के ब्यावरा में बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियाँ उजाड़ दीं. ढकोरा जोड़ के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई. इस टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतकों के छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है.

सिटी थाना प्रभारी विरेन्द्र धाकड़ ने बताया कि घटना रात लगभग 1 बजे की है. मृतक हरीप्रसाद लोधा (35 वर्ष) निवासी गांगाहोनी और नरेश लोधा (25 वर्ष) निवासी तलावड़ा महाराजा (थाना मलावर) आपस में गहरे दोस्त थे. दोनों ब्यावरा से अपने गांव की ओर लौट रहे थे. तभी ढकोरा जोड़ के समीप उनकी बाइक बेकाबू होकर सीधे पेड़ में जा घुसी.

पुलिस ने मर्ग कायम कर सिविल अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम कराया. जिसके बाद पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी गई. जहां दोपहर बाद गमगीन माहौल में दोनों दोस्तों का उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि हादसा वाहन की तकनीकी खराबी से हुआ या अधिक रफ्तार के कारण.

टक्कर इतनी भीषण कि बाइक के उड़े परखच्चे

हादसा इतना भयावह था कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक दोनों युवकों की सांसें थम चुकी थीं. पुलिस ने तत्काल शवों को कब्जे में लेकर ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुँचाया.

मासूम बच्चों और परिजनों का बुरा हाल

सुबह जब हादसे की खबर परिजनों तक पहुँची, तो अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई. जानकारी के अनुसार, दोनों ही मृतकों के दो-दो छोटे बच्चे हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है.

Next Post

रहली और गढ़ाकोटा में अवैध सिंचाई पर रोक, कलेक्टर ने जारी किए प्रतिबंधात्मक आदेश

Sat May 2 , 2026
सागर। सागर जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्रीमती प्रतिभा पाल द्वारा ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल संकट को दृष्टिगत रखते हुए जिले की रहली एवं गढ़ाकोटा तहसील में आगामी ग्रीष्मकाल के समाप्त होने तक जल का भण्डार सुरक्षित बनाये रखने हेतु ग्रीष्मकाल में पेयजल संकट रोकने के लिएअवैध सिंचाई पर प्रतिबंध […]

You May Like

मनोरंजन