किसान हित को ध्यान रखकर करें योजनाओं का क्रियान्वयन

सीहोर। जिले में कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टर बालागुरू के ने कृषि, पशुपालन, मत्स्य तथा सहकारिता विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की. बैठक में विभागवार लक्ष्य, उपलब्धियां एवं लंबित कार्यों की समीक्षा की गई. बैठक में कलेक्टर ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

समीक्षा के दौरान कृषि विभाग द्वारा लक्ष्य अनुरूप प्रगति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचे, यह प्रशासन की प्राथमिकता है. इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं की दुकानों की नियमित जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए.

उन्होंने उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुगम वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए अधिकारी फील्ड में सक्रिय रूप से कार्य करें. उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि मत्स्य पालन से जुड़े किसानों को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित किया जाए तथा नए हितग्राहियों को भी जोडऩे के प्रयास किए जाए.

बैठक में सहकारिता विभाग को भी निर्देशित किया गया कि समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर ऋ ण एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए. साथ ही किसानों को उद्यानिकी एवं पशुपालन गतिविधियों के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया. सभी अधिकारियों को संदेश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य किया जाए. बैठक में कृषि विभाग के उप संचालक एके उपाध्याय, सहायक आयुक्त सहकारिता सुधीर कैथवास, उप संचालक पशुपालन आरपी गौतम, सहायक संचालक उद्यानिकी जगदीश मुजाल्दा, सहायक संचालक मत्स्य प्रशांत हर्ष व अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

 

Next Post

बाजार में रासायनिक रंगों को चुनौती दे रहा वन विभाग का हर्बल गुलाल

Sat Feb 28 , 2026
इंदौर: होली की आहट के साथ शहर के बाजारों में इस बार रंगों के बीच एक सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है. रासायनिक रंगों के विकल्प के रूप में वन उत्पादों से तैयार हर्बल (इको-फ्रेंडली) गुलाल की मांग बढ़ने लगी है. ये रंग किसी औद्योगिक इकाई में नहीं, बल्कि इंदौर […]

You May Like

मनोरंजन