
भोपाल। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि सिंगरौली जिले की सरई तहसील स्थित धिरोली कोल ब्लॉक परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और पुनर्व्यवस्थापन की पूरी प्रक्रिया विधिसम्मत ढंग से की जा रही है। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए कुल 2672 हेक्टेयर भूमि निर्धारित है, जिसमें 554.01 हेक्टेयर निजी भूमि, 681.80 हेक्टेयर शासकीय गैर-वन भूमि, 1335.35 हेक्टेयर संरक्षित वन भूमि और 100.84 हेक्टेयर राजस्व वन भूमि शामिल है। आवश्यक स्वीकृतियां विभिन्न स्तरों पर प्राप्त की जा चुकी हैं।
मंत्री वर्मा के अनुसार, परियोजना से प्रभावित 8 ग्रामों में से 5 ग्रामों की 208.12 हेक्टेयर निजी भूमि के अधिग्रहण हेतु 15 फरवरी 2022 को अधिसूचना जारी की गई थी। इससे पूर्व 4 फरवरी 2022 को सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट रिपोर्ट तैयार की गई। पांच ग्रामों की 203.882 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण कर 1 मार्च 2024 को अवार्ड पारित किया गया। प्रभावित किसानों को 368.11 करोड़ रुपये मुआवजा स्वीकृत हुआ है, जिसमें से 144.68 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि वितरण की प्रक्रिया में है।
उन्होंने बताया कि 262 विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए 159.22 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। 126 परिवारों को प्लॉट दिए जा चुके हैं, 40 को रोजगार मिला है और 10 को ड्राइविंग प्रशिक्षण के लिए रायपुर भेजा गया है। शेष पात्रों को भी नियमानुसार लाभ दिए जा रहे हैं।
