इंदौर: संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को इंदौर शहर के 27 केंद्रों पर आयोजित होगी. परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े शुक्रवार को एसजीएसआईटीएस कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचे. उन्होंने आयोग द्वारा निर्धारित सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया.निरीक्षण के दौरान डॉ. खाड़े ने परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग, फेस ऑथेंटिकेशन, क्यूआर कोड सत्यापन तथा हस्ताक्षर संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने परीक्षा कक्षों में प्रकाश व्यवस्था, प्रवेश एवं निर्गम मार्ग, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का भी अवलोकन किया.
एसजीएसआईटीएस कॉलेज के प्रो. विनोद पारे ने केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी. संभागायुक्त ने वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था और कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए वहां तैनात अधिकारियों के कार्यों की भी समीक्षा की. जानकारी के अनुसार एसजीएसआईटीएस कॉलेज में विभिन्न फ्लोर पर कुल 10 परीक्षा कक्ष बनाए गए हैं, जहां रविवार को 576 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. निरीक्षण के दौरान परीक्षा प्रभारी श्रीमती शैली कनाश एवं नोडल अधिकारी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
