जबलपुर: संभागायुक्त धनंजय सिंह ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संभाग के सभी कलेक्टर्स के साथ शासन की प्राथमिकता योजनाओं की जिलेवार समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। समीक्षा में उन्होंने राजस्व प्रकरणों, लंबित प्रशासनिक शिकायतों, अनुकंपा नियुक्ति व पेंशन मामलों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मनरेगा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और कृषि वर्ष 2026 की प्रमुख योजनाओं जैसे पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, हिरण्यगर्भा अभियान और मत्स्य पालन में आधुनिक तकनीक के उपयोग की प्रगति का जायजा लिया गया।
नगरीय प्रशासन विभाग के अंतर्गत एसबीएम 2.0 और अमृत 2.0 परियोजनाओं में लंबित भूमि आवंटन तथा उद्योग विभाग की लक्षित योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य, पोषण, गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीयन और बालिका शौचालय निर्माण को समय सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
संभागायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी कार्ययोजना बनाकर योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का निर्देश दिया। जिले के कलेक्टर्स एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सम्मिलित रहे।
