तापसी पन्नू की अस्सी और मृणाल ठाकुर-सिद्धांत चतुर्वेदी की दो दीवाने सहर में के बीच बॉक्स ऑफिस पर कांटे की टक्कर जारी है। छठे दिन दोनों फिल्मों ने 40 लाख कमाए हैं।
20 फरवरी को बॉक्स ऑफिस पर दो अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। तापसी पन्नू की कोर्टरूम ड्रामा अस्सी और मृणाल ठाकुर-सिद्धांत चतुर्वेदी स्टारर दो दीवाने सहर में एक ही दिन रिलीज हुईं। ओपनिंग डे पर रोमांटिक ड्रामा ‘दो दीवाने सहर में’ ने बढ़त बनाई थी, लेकिन वीकडेज में तस्वीर थोड़ी बदलती नजर आई।
‘अस्सी’ तापसी पन्नू और निर्देशक अनुराग सिन्हा की तीसरी फिल्म है। यह एक लीगल सोशल ड्रामा है, जिसे क्रिटिक्स से सराहना मिली, लेकिन सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक भीड़ नहीं जुटा पाई। फिल्म ने पहले दिन 1 करोड़ रुपये से खाता खोला। दूसरे और तीसरे दिन इसने 1.6-1.6 करोड़ रुपये कमाए। चौथे दिन कलेक्शन गिरकर 70 लाख और पांचवें दिन 85 लाख रुपये रहा।
तापसी पन्नू की अस्सी का कलेक्शन
सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के छठे दिन यानी बुधवार को ‘अस्सी’ ने लगभग 0.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसी के साथ फिल्म का छह दिनों का कुल भारत नेट कलेक्शन 5.75 करोड़ रुपये हो गया है। वीकडेज में फिल्म की कमाई लाखों में सिमट गई है, लेकिन फिर भी यह अपनी प्रतिद्वंद्वी फिल्म से मामूली बढ़त बनाए हुए है।
दो दीवाने सहर में की कमाई
दूसरी ओर, ‘दो दीवाने सहर में’ ने पहले दिन 1.25 करोड़ रुपये से ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन 1.5 करोड़ और तीसरे दिन 1.45 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म ने शुरुआती वीकेंड में अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, सोमवार से इसके कलेक्शन में लगातार गिरावट दर्ज की गई। चौथे दिन फिल्म ने 60 लाख और पांचवें दिन 55 लाख रुपये कमाए। छठे दिन के शुरुआती अनुमान के अनुसार, ‘दो दीवाने सहर में’ ने 40 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की छह दिनों की कुल भारत नेट कमाई भी 5.75 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है।
बॉक्स ऑफिस पर कांटे की टक्कर
दिलचस्प बात यह है कि दोनों फिल्मों का कुल कलेक्शन अब तक बराबरी पर है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। हालांकि आने वाले वीकेंड में यह साफ हो पाएगा कि दर्शकों की पसंद किस फिल्म की तरफ ज्यादा झुकती है। फिलहाल, ‘अस्सी’ ने वीकडेज में मामूली बढ़त बनाकर मुकाबले को और रोमांचक बना दिया है।
