नयी दिल्ली, 25 फरवरी (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर रोक लगाने की मांग करने वाली याचिका बुधवार को यह कहते हुए खारिज कर दी कि फिल्म का नाम यादव समुदाय की नकारात्मक छवि पेश नहीं करता है।
न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना एवं उज्जल भुयान की पीठ ने कहा कि फिल्म के नाम में कोई ऐसा विशेषण या शब्द नहीं था जिससे समुदाय की छवि धूमिल हो। यह याचिका अधिवक्ता आफ़ताब अली ख़ान के ज़रिए दायर की गयी थी। याचिका में कहा गया था कि फिल्म का नाम एक जाति या समुदाय के खिलाफ अपमानजनक एवं प्रत्यक्ष धारणा बनाता है।
याचिका में दलील दी गयी कि फिल्म का नाम यादव समुदाय को ‘लव स्टोरी’ से जोड़ता है, जिसका संबंध अनैतिकता दिखाने वाले अवैध एवं अनुचित रिश्ते से है। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि फिल्म का नाम किसी भी तरह से यादव समुदाय को खराब छवि में प्रदर्शित नहीं करता है।
