
इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से बी-फार्मा के अंतिम वर्ष के छात्र की मौत हो गई. अनियंत्रित ट्राले ने बाइक सवार छात्र को टक्कर मारने के बाद दो अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया. आक्रोशित लोगों ने मौके से भाग रहे चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
पुलिस के अनुसार हादसा देवगुराड़िया रोड पर हुआ. मृतक की पहचान 24 वर्षीय जुनेद पिता जावेद निवासी काजी पलासिया के रूप में हुई है. जुनेद इंडेक्स कॉलेज में बी-फार्मा अंतिम वर्ष का छात्र था और अप्रैल में उसकी डिग्री प्राप्त होने वाली थी. पढ़ाई के साथ वह दवा बाजार स्थित एक मेडिकल शॉप पर काम सीख रहा था, ताकि भविष्य में स्वयं का मेडिकल स्टोर शुरू कर सके. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्राला अत्यधिक गति में था. जुनेद को टक्कर मारने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर आगे बढ़ा और दो अन्य वाहन चालकों को भी टक्कर मार दी, जिससे वे मामूली रूप से घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल जुनेद को तत्काल एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. पुलिस ने ट्राला जब्त कर चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने एवं गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
