इंदौर: आज स्काउट के संस्थापक लार्ड बेडेन पावेल की जयंती को चिंतन दिवस के रूप में मनाया गया. इस दौरान 20 स्कूलों के विभिन्न वर्गो में स्काउटिंग करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया. इस मौके पर राज्य सचिव ने आगामी मई जून में जिला स्तर पर स्काउट रैली होने के जानकारी दी.आज चिमनबाग पर स्थित स्काउट एवं गाइड जिला संघ मैदान पर स्काउट के संस्थापक लार्ड बेडेन पावेल की जयंती पर शताब्दी वर्ष को विश्व चिंतन दिवस के रूप में मनाया गया.
इस मौके पर जिला संघ मैदान पर पूर्व संभागायुक्त और पूर्व राज्य कमिश्नर अशोक भार्गव और स्काउट के राज्य सचिव बीएल शर्मा मुख्य अतिथि थे. समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व राज्य कमिश्नर और आईएएस अशोक भार्गव ने कहा कि लार्ड बेडेन पावेल ने स्काउटिंग को अमेरिका तक पहुंचाया है. स्काउट का मतलब है कि निस्वार्थ सेवा, ईमानदारी, अनुशासन और निडरता से समाजसेवा के काम करना है. उन्होंने इलाहबाद कुंभ के दौरान मदन मोहन मालवीय द्वारा स्काउटिंग की परीक्षा लेने का बच्चों को वृतांत सुनाया और स्काउटिंग सेवाकार्य की महत्त्वता बताई. कार्यक्रम में मौजूद स्काउट एवं गाइड बच्चों से भार्गव ने कहा स्काउट बन गए तो जीवन में दूसरो से अलग विशेष व्यक्तित्व के बन जाते है।
समारोह में 20 से ज्यादा स्कूलों के बच्चों को स्काउटिंग के विभिन्न वर्गो और स्तर पर कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया. चिंतन दिवस के अवसर पर जिला अध्यक्ष भूपेंद्र अडसूले ने अतिथियों का स्कार्फ पहनाकर पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इस मौके पर जिला संघ उपाध्यक्ष मुकेश राय, अनिल बागौरा, राजेश मार्गेट, राकेश पंडित, ज्योति सोलंकी, प्रकाश गंगराड़े सहित जिला संघ के पदाधिकारियों मौजूद थे. कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव दिलीप मेहता और आभार वैजयंती गहलोत ने आभार माना.
इंदौर प्रदेश में सबसे आगे
समारोह में राज्य सचिव बीएल शर्मा ने कहा कि इंदौर पर प्रदेश में स्काउट की गतिविधियों में सबसे आगे है. इंदौर ने राष्ट्रीय स्तर पर स्काउटिंग में प्रदेश का नाम रोशन किया है. शर्मा ने बताया कि पूरे प्रदेश में 1 लाख 42 हजार स्काउट एवं गाइड स्काउटिंग आंदोलन से जुड़े हुए है. मैं स्थानीय स्काउटिंग टीम को भोपाल से हर स्तर पर खुले हाथों से मदद करने का वादा करता हूं. आगामी मई जून महीने में पूरे प्रदेश जिला स्तर की स्काउट रैली आयोजित की जाएगी, जिससे स्काउटिंग से बच्चों को जुड़ने का प्रोत्साहन मिलेगा
