मैहर/बदेरा: नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ गलत कृत्य करने वाले आरोपी को बदेरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह के निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बदेरा निरीक्षक अभिषेक सिंह परिहार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
फरियादी ने 28 अगस्त 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्ष 2 माह की नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। आशंका के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 137(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने नाबालिग को 22 नवंबर 2025 को ग्राम राकई बसेड़ी खेत, थाना करेली, जिला नरसिंहपुर से बरामद किया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी सूरज कोल ने उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया था तथा उसके साथ गलत संबंध बनाए थे।
आरोपी गिरफ्तार, धाराएँ बढ़ाई गईं
आरोपी की पहचान सूरज कोल पिता मनसुखलाल कोल, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम बगहइया, थाना बरही जिला कटनी के रूप में हुई। पीड़िता के बयान के बाद आरोपी पर धारा 64(2)(m), 96 BNS के साथ-साथ POCSO एक्ट की धाराएँ 4, 5(L), 6 भी जोड़ी गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
