
ग्वालियर। कड़ी सुरक्षा में रहने वाली कटोराताल स्थित अम्मा महाराज के छत्री परिसर में बने विष्णु मंदिर में चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोर अम्मा महाराज की छत्री में बाउंड्री फांदकर घुसे और मंदिर में रखी प्रतिमाओं सहित उनका सामान चोरी कर ले गए। घटना का पता सुबह उस समय चला जब पूजा करने पहुंचे पुजारी ने संदूक खोलकर सामान की गिनती की। अम्मा महाराज की छत्री में चोरी होने की बात पता चलते ही झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला कायम कर लिया।
अमर सिंह परिहार निवासी नाका चंद्रवदनी ओफो की बगिया अम्मा महाराज की छत्री में सिक्योरिटी गार्ड है। उसके साथ एक गार्ड और रहता है जो छत्री परिसर के अंदर रहकर निगरानी करता है। जबकि सुबह 6 बजे तीसरा गार्ड आकर सुरक्षा व्यवस्था संभालता है। अम्मा महाराज की छत्री में बने विष्णु भगवान के मंदिर में रखी पेटी निकालकर सामान गिनना शुरु किया तो सामान कम निकला। पेटी खोलकर अज्ञात चोर उसमें रखीं भगवान की प्रतिमाएं व उनका सामान चोरी कर ले गए थे। प्रतिमाएं व सामान चांदी, पीतल व तांबे सहित अन्य धातुओं से निर्मित हैं। चोरी गए सामान की कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। झांसी रोड थाना पुलिस ने मामला कायम कर लिया है।
