मोदी रविवार को मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

नयी दिल्ली 21 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और इस दौरान वह 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को उद्घाटन करेंगे।

श्री मोदी ने शनिवार की रात सोशल मीडिया एक्स पर कहा, “उत्तर प्रदेश समेत देशभर में रेल सम्पर्क के तेज विस्तार के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। इसी दिशा में कल दोपहर करीब 12:30 बजे मेरठ में देश की सबसे तेज मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन के उद्घाटन का सौभाग्य मिलेगा। इसके बाद नमो भारत क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट प्रणाली के दूसरे खंडों के शुभारंभ के साथ ही दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे को राष्ट्र को समर्पित करूंगा। इस दौरान कई विकास परियोजनाओं को शुरू करने का भी सुअवसर मिलेगा।”

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार श्री मोदी राष्ट्र को 82 किलोमीटर लंबा दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर समर्पित करेंगे। वह भारत की पहली नमो भारत क्षेत्रीय तीव्र परिवहन प्रणाली के शेष खंडों का उद्घाटन करेंगे। इनमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच पांच किलोमीटर का खंड तथा उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर का खंड शामिल है।

नमो भारत 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के लिए डिजायइन देश की पहली क्षेत्रीय तीव्र परिवहन प्रणाली है। यह दिल्ली को साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्रों से तेज गति से जोड़ेगी।

कॉरिडोर का प्रारंभिक स्टेशन सराय काले खां इस उद्घाटन के साथ चालू होने वाले चार नमो भारत स्टेशनों में से एक है। यह एक प्रमुख बहु-मोडल हब के रूप में रणनीतिक रूप से स्थित है, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड से सुगमता से जुड़ा है। इसके अतिरिक्त शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम ये तीन अन्य नमो भारत स्टेशन मेरठ में चालू किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवाओं का भी उद्घाटन करेंगे, जो नमो भारत के साथ साझा अवसंरचना पर संचालित होंगी। यह देश में अपनी तरह की पहली पहल है। मेरठ मेट्रो लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति के साथ भारत की सबसे तेज मेट्रो प्रणाली होगी। मेट्रो सभी निर्धारित स्टॉपेज के साथ पूरे मार्ग को मात्र 30 मिनट में पूरा करेगी। नमो भारत और मेरठ मेट्रो का एक ही अवसंरचना पर यह निर्बाध एकीकरण उच्च गति वाली अंतर-शहरी यात्रा तथा तीव्र आंतरिक शहर आवागमन सुनिश्चित करेगा और भारत में एकीकृत शहरी एवं क्षेत्रीय परिवहन का नया मानक स्थापित करेगा। इससे सड़क यातायात में कमी आएगी और वाहन जनित कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी होगी।

ये परियोजनाएं शहरी गतिशीलता को परिवर्तित करने तथा नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने के लिए निर्बाध, कुशल, आधुनिक और सतत सार्वजनिक परिवहन प्रणाली सुनिश्चित करने की प्रधानमंत्री की परिकल्पना को और बल प्रदान करेंगी।

 

Next Post

डिप्टी सीएम शुक्ला ने शारदा देवी के दर्शन किये, मैहर में बनेगा 300 बिस्तरों का अत्याधुनिक अस्पताल

Sat Feb 21 , 2026
सतना/मैहर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शनिवार को मैहर जिले के प्रवास के दौरान शारदा देवी मंदिर में दर्शन कर सिविल अस्पताल मैहर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मैहर जिला मुख्यालय पर बनने वाले 300 बिस्तरीय अस्पताल […]

You May Like