
छिंदवाड़ा। जिले में गेहूँ पंजीयन की धीमी प्रगति को लेकर कलेक्टर ने शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंजीयन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक एईओ, समिति प्रबंधक, पटवारी, पंचायत सचिव/रोजगार सहायक तथा कोटवार संयुक्त रूप से कार्य करते हुए अपने-अपने क्षेत्र के सभी गेहूँ, चना और मसूर बोने वाले किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब प्रतिदिन समितिवार और ब्लॉकवार पंजीयन की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही शनिवार को भी सभी समितियों को खुला रखकर पंजीयन कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में सभी एसडीओ एवं एसएडीओ अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रगति की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। वहीं सभी एईओ को अपने क्षेत्र के समिति प्रबंधकों से तत्काल चर्चा कर पंजीयन कार्य प्रारंभ कराने को कहा गया है।
कलेक्टर ने चेतावनी दी कि सोमवार को आयोजित टीएल बैठक में इस संबंध में विस्तृत समीक्षा की जाएगी और लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
