पहाड़ी पर ट्रैक्टर चढ़ाकर भागने की कोशिश कर रहे रेत तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया

सीधी। पुलिस की जांबाज कार्यवाही में पहाड़ी पर ट्रैक्टर चढ़ाकर भागने की कोशिश कर रहा अवैध रेत तस्कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध उत्खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत थाना जमोड़ी पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर-ट्राली को जप्त कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा है। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी जमोड़ी ने टीम के साथ ग्राम भेलकी स्थित सोन नदी तट पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर का चालक रेत समेत वाहन को तेज रफ्तार में भगाने लगा। पुलिस टीम ने शासकीय वाहन से पीछा किया तो आरोपी ने पकड़े जाने के डर से ट्रैक्टर को भेलकी-अमरवाह की पहाड़ी पर चढ़ाने का प्रयास किया। पहाड़ी की ढलान और रेत के वजन के कारण ट्रैक्टर का अगला हिस्सा हवा में उठ गया। खुद को फंसता देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर दबोच लिया।

आरोपी एवं जप्ती का ब्यौरा-

पकड़े गए चालक ने अपना नाम अनिकेत सिंह उर्फ काजू सिंह चौहान उम्र 32 वर्ष, निवासी अमरवाह बताया। वाहन की जांच करने पर उसमें अवैध रूप से उत्खनित रेत भरी पाई गई, जिसका कोई भी वैध दस्तावेज चालक के पास नहीं था। पुलिस ने 1.55 लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर-ट्राली मय रेत जप्त किया है।

कानूनी कार्यवाही में अपराध पंजीवद्व-

आरोपी चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 (2), 317 (5) सहित खान एवं खनिज (विनियमन) अधिनियम, वन्य जीव संरक्षण अधिनियम तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की विभिन्न धाराओं के तहत थाना जमोड़ी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

Next Post

तेज रफ्तार बाइक ने ली मासूम की जान, आरोपी चालक गिरफ्तार

Thu Jan 22 , 2026
इंदौर. लसुडिया क्षेत्र के निरंजनपुर में खतरनाक तरीके से मोटरसाइकिल चलाने के चलते 8 वर्षीय बालक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.आरोपी से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताय कि 20 जनवरी 2026 […]

You May Like