जबलपुर: अधारताल थाना क्षेत्र में पिता की मौत के बाद सवा पांच लाख रूपए हड़पने वाले ने अब युवती को धमकाया है। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।पुलिस के मुताबिक पीडि़ता नौसीन खान एक निजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसके दिवंगत पिता स्व. इकबाल खान के नाम से बैंक में मोटी राशि जमा थी। परिचित आसिफ खान ने हेराफेरी कर पिता के नाम पर जमा 5, 58, 000 रुपये अपने नाम करवा लिए और निकाल लिए। जब नौसीन को इसकी जानकारी हुई और उसने पैसे वापस मांगे, तो आसिफ ने एक एग्रीमेंट किया था।
इस एग्रीमेंट के तहत उसे एफडी के पैसे और गाड़ी के 30,000 रुपये मिलाकर कुल 5, 88, 000 रुपये वापस करने थे, लेकिन लंबे समय बाद भी राशि नहीं लौटाई गई। जब नौसीन ने दोबारा अपने हक के पैसे मांगे, तो आरोपी आसिफ खान उर्फ सोनू और उसके चाचा अनवर उर्फ अन्नू भडक़ गए। उन्होंने युवती के साथ सरेराह अभद्रता की। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि अब दोबारा पैसे मांगे, तो उसे जान से खत्म कर दिया जाएगा। घटना से डरी-सहमी पीडि़ता ने अब आपबीती पुलिस को सुनाई और रिपोर्ट दर्ज कराई।
